मानीमऊ। गैराज की छत पर सो रहे किसान की रविवार को संदिग्ध हालात में नीचे गिरने से मौत हो गई। आशंका है कि लघुशंका के लिए उठने पर नींद में संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिर गए।
सदर क्षेत्र के ग्राम मानपुर निवासी धनीराम बाथम (50) गांव के एक गैराज पर काम करते थे। रोजाना की तरह शनिवार रात में गैराज की छत पर सो रहे थे। देर रात छत से नीचे गिर गए। किसी के न होने के कारण वह रातभर पड़े रहे। सुबह जब आसपास के लोग उधर से निकले तो उन्हें पड़ा देखा। जानकारी पर परिजन व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पत्नी सुनीता ने बताया कि तीन पुत्रियों में से मोहनी व रागिनी का विवाह हो चुका है, जबकि कामिनी व पुत्र अनुराग अविवाहित हैं। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।