कन्नौज। रात को घर के बाहर टहलते समय किसान को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बंशरामऊ निवासी 45 वर्षीय किसान मिजाजी लाल रविवार रात आठ बजे खाना खाने के बाद घर के पास प्राइमरी पाठशाला के सामने रोड पर टहल रहे थे। तभी ठठिया की ओर जा रहे ट्रैक्टर ने मिजाजी लाल को टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पुत्र जितेंद्र ने सोमवार को सदर कोतवाली में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ हादसे का मामला दर्ज कराया। सदर कोतवाल विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।