आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सौरिख व सकरावा के मध्य मंगलवार की दोपहर कार एक्सप्रेस वे की रेलिंग तोड़ते हुए खड्ड में जा गिरी। हादसे से कुछ दूरी पर मौजूद 100 नंबर की गाड़ी में तैनात पुलिस कर्मियों ने लखनऊ के व्यवसायी को कार से मेडिकल कालेज पहुंचाया।
लखनऊ शहर के 475/2 डालीगंज निवासी मोहम्मद इमरान (45) पुत्र मोहम्मद मकसूद अपने किसी व्यवसायिक काम से सैफई गए थे। वह अपनी कार से अकेले ही एक्सप्रेस वे से लखनऊ जा रहे थे। सौरिख व सकरावा के मध्य कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ती हुई खड्डे में जा गिरी।
एक्सप्रेस वे पर तैनात 100 नंबर गाड़ी के दीवान जगदीश प्रसाद वर्मा, सिपाही अनुज कुमार व चालक हरदीप ने दुर्घटनाग्रस्त कार के शीशे तोड़कर इमरान को बाहर निकाला। उसे अपनी गाड़ी में लादकर महज पंद्रह मिनट में मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। यहां तैनात डाक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के मुताबिक उनके पैर में दो जगह फैक्चर हुआ है। शरीर में भी गंभीर चोटें हैं। समय से उपचार मिल जाने से मरीज की जान को कोई खतरा नहीं है।