अस्पताल में नारेबाजी करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
छिबरामऊ में आठ महीने से वेतन न मिलने से खफा ग्राम नगला दिलू स्थित सौ शैय्या अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। स्वास्थ्यकर्मियों ने होली के त्यौहार से पूर्व वेतन दिलाने की मांग की है।
सौ शैय्या अस्पताल में अवनि परिधि संस्था के तहत 46 कर्मचारी कार्यरत हैं। यहां तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने बुधवार को इमरजेंसी वार्ड के बाहर वेतन की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना था कि पिछले आठ माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है। ऐसे में होली का त्यौहार उनका फीका रह जाएगा। उन लोगों ने त्यौहार से पूर्व वेतन दिलाए जाने की मांग की।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि 11 जनवरी को भी उन लोगों ने सीएमएस डॉ.कुलदीप यादव को पत्र सौंप कर वेतन दिलाए जाने की मांग की थी। इसके बाद भी अभी तक उन लोगों को वेतन नहीं मिल सका है, जिसके कारण सभी कर्मचारी आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे हैं। इस मौके पर राहुल, अभिषेक, दीपू, अभिषेक, मुनीष, रंजना, शीमा, अर्चना, शालू, ममता, प्रियंका, कामनी आदि कर्मी मौजूद रहे।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि छह माह से बजट नहीं प्राप्त हुआ है। उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है। बजट आते ही सभी का भुगतान करा दिया जाएगा।