फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आखिरकार निपट गया रास्ते का विवाद

Tue, 20 Oct 2015 12:26 AM IST
ब्यूूराे/अमर उजाला, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
कोतवाली परिसर में सोमवार की शाम हुई पीस कमेटी की बैठक में बुधवार को निकलने वाली दुर्गा पूजा शोभायात्रा व सातवें अलम के ताजिया जुलूसों के मध्य रास्ते और समय का विवाद दोनों पक्ष के मध्य आपसी सहमति से निपटने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन


नवयुवक जन सेवा समिति के तत्वावधान में बुधवार की शाम पांच बजे से रामलीला मैदान से दुर्गा पूजा शोभायात्रा निकलेगी। इसके लिए पूरे कसबे को झालरों से सजाया जा रहा है। गांधी चौक चौराहे पर भव्य गेट का निर्माण चल रहा है। वहीं दूसरी ओर बुधवार को ही सातवें अलम के ताजिया जुलूस भी कसबे के मंडी बाजार मोहल्ले से होकर सुभाष नगर व आजाद नगर तक जाएंगे।

ताजियादारान कमेटी के प्रबंधकों के मुताबिक, अलम में करीब नौ ताजिये निकलेंगे। ताजियों का जुलूस दोपहर डेढ़ बजे से रात्रि आठ बजे तक का है। तहसील प्रशासन के समक्ष पिछले एक सप्ताह से यह समस्या चली आ रही थी कि कसबे के सर्राफा मार्केट से लेकर धर्मशाला रोड तक कहीं दोनों जुलूस आमने-सामने न आ जाए।
विज्ञापन


इसको लेकर एक सप्ताह से विचार-विमर्श चल रहा था। इसी को लेकर कोतवाली में दोनों पक्षों की हुई बैठक में एसडीएम उदयवीर और कोतवाल श्यामवीर सिंह ने ताजियादारान कमेटी के अध्यक्ष गुलशाद हुसैन के समक्ष यह प्रस्ताव रखा कि शाम पांच बजे तक सभी ताजिया मुख्य मार्ग को खाली कर दें। इससे दुर्गा पूजा शोभायात्रा का जुलूस निकल सके।

इस पर ताजियादारान कमेटी ने सहमति जता दी। प्रमुख व्यवसायी रेहान वारिसी ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि शाम पांच बजे के बाद सभी ताजिये मुख्य मार्ग को छोड़कर गलियों में चले जाएंगे। उधर, नवयुवक जनसेवा समिति के संरक्षक अखिलेश गुप्ता ने ताजियादारान कमेटी को भरोसा दिलाया कि ताजिया निकलने में दिक्कत न हो इसके लिए कमेटी ने रामलीला मैदान से गांधी चौक चौराहे तक ऊपर की ओर झालरें नहीं लगा रहे हैं।

इसके अलावा जिस रूट से ताजिये निकलेंगे उस गली के सामने गेट नहीं लगाए जाएंगे। एसडीएम ने नगर पंचायत के कर्मियों को सभी प्रमुख रास्तों पर साफ-सफाई व बिजली विभाग के जेई को ढीले तार दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद गुप्ता, नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक विश्राम सिंह यादव, सतौरा प्रधान जमील अहमद, ताजियादारान कमेटी के जाहिद वारिसी, हासिम वारिसी, गुलशाद हुसैन आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें