सौरिख(कन्नौज)। विद्युत उपकेंद्र पर तैनात उपखंड अधिकारी पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। भाजपा विधायक ने फोन पर मामले की शिकायत डीएम व एसपी से की है। वहीं उपखंड अधिकारी ने थाने पहुंचकर साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है।
विद्युत उपकेंद्र पर मंगलवार दोपहर दौलताबाद निवासी प्रधान प्रतिनिधि विवेक गुप्ता पहुंचे। उन्होंने पांच दिन पहले चेकिंग में अतिरिक्त लोड बढ़ाने के लिए एसडीओ पर 40 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। बताया कि उन्होंने बीस हजार रुपये एसडीओ को दिए थे। इसका वीडियो कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से बनाया था। जानकारी पर एसडीओ टीम के साथ थाने पहुंचे। वह प्रभारी निरीक्षक से वार्ता कर रहे थे। तभी क्षेत्रीय विधायक कैलाश राजपूत समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। विधायक ने भी एसडीओ पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाए। मामले की शिकायत डीएम व एसपी से करते हुए एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं एसडीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर में दौलताबाद प्रधान प्रतिनिधि विवेक गुप्ता अपने अन्य साथियों के साथ आए। इन्होंने जबरदस्ती उनकी मेज पर रुपये पटक दिए। उनके साथियों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी उन्होंने अपने उच्च अधिकारियों को दे दी है।