छिबरामऊ। कृषि उत्पादन मंडी समिति का कार्यालय में संविदा कर्मी ने बिजली चोरी पकड़ी और केबल काट दी। आरोप है केबल कटने से नाराज प्रभारी मंडी निरीक्षक ने अपने साथियों के साथ उसकी पिटाई कर दी। लाइनमैन की पिटाई से नाराज बिजली कर्मी कोतवाली पहुंच गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
भोगपुर निवासी संविदा लाइनमैन रवि कुमार ने बताया कि वह 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र छिबरामऊ प्रथम में काम करता है। रविवार को वह निगम मंडी के बाहर लगे 100 केवीए ट्रांसफार्मर के जंफर जोड़ने गया था। ट्रांसफार्मर से जोड़कर एक केबल अवैध रूप से मंडी समिति के कार्यालय में गई मिली, उसने अधिकारियों को जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर उसने केबल को काट दिया। आरोप है कि केबल काटे जाने की जानकारी पर प्रभारी मंडी निरीक्षक सरवन कुमार परमार, सुरक्षा गार्डों के साथ वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के उसके कपड़े फट गए। मोबाइल छीन लिया।
जबरिया कृषि उत्पादन मंडी समिति के अंदर लगे 11 केवीए के ट्रांसफार्मर के पास ले जाकर उसके जंफर जुड़वा लिए। साथ ही मंडी समिति के आसपास दिखाई देने पर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। कर्मी से हुई मारपीट की सूचना पर जेई अजय अवस्थी के नेतृत्व में कई बिजली कर्मचारी कोतवाली पहुंच गए। कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिजली कर्मी के साथ मारपीट हुई है। मामला सरकारी विभागों से जुड़ा हुआ है। डीएम से अनुमति लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी मंडी निरीक्षक ने आरोप को नकारा
इस संबंध में प्रभारी मंडी निरीक्षक सरवन कुमार परमार ने बताया कि लाइनमैन की ओर से तार काटे जाने की सूचना मिलने पर मंडी के गार्ड मौके पर गए थे। वहां आसपास खड़े लोगों से बिजली जोड़े जाने को लेकर विवाद हो गया। खींचतान में कपड़े फटे हैं। जानकारी होने पर लाइनमैन को बचाकर वह अपने आफिस ले आए। घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद है। मारपीट व धमकी देने का आरोप बेबुनियाद है।
-