कन्नौज। चौथे चरण में होने वाले चुनाव के लिए कन्नौज संसदीय सीट के उम्मीदवारों की तस्वीर आज साफ हो जाएगी। नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद उम्मीदवारों की संख्या सामने आएगी। सोमवार को दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी का मौका है। उसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा।
दरअसल कन्नौज संसदीय सीट के लिए 18 से 25 अप्रैल के बीच हुई नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 28 उम्मीदवारों ने अपना-अपना नामांकन पत्र जमा किया था। 26 अप्रैल को हुई जांच के दौरान उनमें से 11 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए थे। उन 11 उम्मीदवारों में से किसी ने चालान की रकम जमा नहीं की थी तो किसी ने शपथ पत्र के कई कॉलम खाली छोड़ दिए थे। किसी ने आवेदन में लोकसभा क्षेत्र का नाम नहीं लिखा था। इन कमियों के आधार पर उनके आवेदन को निरस्त कर दिया गया था। ऐसे में अब 17 उम्मीदवार बचे हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित शेड्यूल के तहत 29 अप्रैल को नाम वापसी का मौका है। इन 17 उम्मीदवारों में से अगर कोई नाम वापस लेता है तो बचे हुए उम्मीदवारों को दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा।
नाम वापस नहीं लिया तो दो ईवीएम से होगा चुनाव
नामांकन पत्र की जांच में 17 उम्मीदवारों का पर्चा सही पाया गया है। इसमें से सोमवार को अगर किसी ने अपनी दावेदारी वापस नहीं ली तो 13 मई को होने वाले चुनाव के दौरान हर बूथ पर दो लगाना पड़ेगा। एक ईवीएम में 16 नाम का ही कॉलम होता है। इसमें 15 उम्मीदवार और आखिर में नोटा का कॉलम होता है। अगर सभी 17 उम्मीदवार मैदान में डटे रहेंगे तो उम्मीदवारों की संख्या के आधार पर दो ईवीएम लगाना पड़ेगा। एक ईवीएम में 16 उम्मीदवारों का नाम होगा। दूसरे में एक उम्मीदवार और नोटा का कॉलम होगा। हालांकि उम्मीद यही जताई जा रही है कि कम से कम दो उम्मीदवार सोमवार को अपना नाम वापस ले सकते हैं। ऐसा न होने पर प्रशासन के सामने दो ईवीएम लगाने का ही रास्ता बचेगा।
यह 17 उम्मीदवार बचे हैं मैदान में
-सपा से अखिलेश यादव
-भाजपा से सुब्रत पाठक
-बसपा से इमराज बिन जफर
-ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक से सुभाष चंद्र
-राष्ट्रीय क्रांति पार्टी से ललित कुमार,
-भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी शैलेंद्र कुमार
-राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी से राम बख्श सिंह
-राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी से आलोक वर्मा
-संयुक्त जनादेश पार्टी से आनंद कुमार
-भारतीय कृषक दल से प्रमोद यादव
-निर्दलीय राज कठेरिया
-निर्दलीय इरफान अली
-निर्दलीय नेहा पाठक
-निर्दलीय सिनोद कुमार
-निर्दलीय पुरुषोत्तम
-निर्दलीय यादवेंद्र किशोर
-निर्दलीय भानू प्रताप सिंह