कन्नौज। बकायेदार का बिजली कनेक्शन काटने गए जेई के साथ युवक ने अभद्रता कर दी। जेई व उनके साथियों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
अवर अभियंता दीपक कनौजिया शुक्रवार शाम को टीम के साथ शहर के मोहल्ला कटरा बहादुर में चेकिंग करने गए थे। जेई ने बताया कि तभी बकायेदार नरेंद्र कुमार कनौजिया उर्फ एनके पुत्र रामसिंह एक अज्ञात साथी के साथ पहुंच गया। कनेक्शन काटने का विरोध किया। समझाने के बाद भी नरेंद्र ने अपने साथी के साथ मिलकर अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। इससे टीम बगैर कनेक्शन काटे लौट आई।
जेई दीपक कनौजिया ने आरोपियों के खिलाफ उन्हें व उनकी टीम को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।