एक बेड पर तीन बच्चों का इलाज, कुर्सी पर बैठकर ऑक्सीजन लेती महिला।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। कोविड संक्रमण के बढ़ रहे मरीजों के चलते राजकीय मेडिकल कालेज की इमरजेंसी फुल हो गई है। इमरजेंसी में मरीजों को बेड नसीब नहीं रहे हैं। सोमवार को एक बेड पर तीन मरीजों का इलाज किया गया। वहीं कुर्सी पर बैठाकर मरीज को ऑक्सीजन दी गई।
कोतवाली के गंगा भट्ठे पर रहने वाले बिहारी मजदूरों के बच्चों की हालत खराब हो गई। हालत गंभीर देख नामनी(6) पुत्री जगदीश, सरस्वती (7) पुत्री संजय, आरजू (5) पुत्र संजय, सनी कुमार(4) पुत्र मिथुन कुमार को भर्ती कराया गया। कालेज की इमरजेंसी में बेड खाली नहीं हैं। कर्मचारियों ने एक बेड पर तीन-तीन मरीजों को लिटाकर उपचार शुरू किया। वहीं इमरजेंसी में बेड न मिलने से एक महिला को कुर्सी पर बैठाकर ऑक्सीजन दी गई।
इस मामले में सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह का कहना है कि कोविड मरीजों की संख्या के चलते थोड़ी दिक्कत हो रही है। सभी को अच्छा उपचार देने का प्रयास किया जा रहा है।