सौरिख। नादेमऊ रोड पर रविवार को ग्राम नगला पसा के सामने तेज रफ्तार वाहन ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा के तीन हिस्सों में बंट गया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक की हालत नाजुक होने पर ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई भेजा गया है। शेष अन्य का सीएचसी पर इलाज चल रहा है।
सुबह 3.30 बजे कुछ लोग आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे से नीचे उतरकर ई-रिक्शा के जरिए गांव जा रहे थे। तभी नादेमऊ रोड पर नगला पसा गांव के सामने कार ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शे में बैठे सौरिख थाना क्षेत्र के बिलंदपुर गांव निवासी अमित प्रताप सिंह (27), मलिकपुर निवासी विशाल (22), जनपद मैनपुरी के श्यामपुर भटपुरा निवासी सुनीता देवी (53), सौरिख के अंबेडकर नगर निवासी ई रिक्शा चालक अली हैदर (55) व भदौरियन पुरवा निवासी कन्हैया पाल घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी सौरिख भिजवाया। जबकि कन्हैयालाल की हालत नाजुक होने पर उसे दूसरी एंबुलेंस से सीधे ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई भिजवा दिया।
सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने अमित प्रताप को मृत घोषित कर दिया। शेष अन्य का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं, हादसे में अमित की मौत की जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। सभी का हाल बुरा था। थानाध्यक्ष जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही ई रिक्शा में टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।
जन्मदिन में शामिल होने आया था युवक
अमित प्रताप सिंह दिल्ली में बजाज फाइनेंस में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। वह अपने भाई की बेटी अक्षरा के जन्मदिन में शामिल होने के लिए घर आया था। अमित की मौत से परिवार में मातम पसर गया। पिता अमरेश सिंह, मां प्रेमलता व बड़े भाई रजित सिंह समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।