- हर घर जल योजना में कंपनी की लापरवाही उजागर, डीएम के आदेश पर किया गया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। जल जीवन मिशन के तहत केंद्र सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना में कंपनी की लापरवाही उजागर हुई है। जिला स्तरीय अधिकारियों को निरीक्षण में अधिकतर साइटों पर काम बंद मिला। इस पर डीएम ने भी नाराजगी जताई है। इससे पहले भी कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाया जा चुका है पर सुधार नहीं आया।
ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल का कनेक्शन देकर जल पहुंचाने का उद्देश्य जल जीवन मिशन का है। इसके लिए हैदराबाद की वीएसए कंपनी व एक अन्य कंपनी को ठेका दिया गया है। हाल ही में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अधिकारियों से कराए गए निरीक्षण में वीएसए कंपनी के काम अधिकतर साइटों पर बंद मिले। निरीक्षण के बाद दी गई रिपोर्ट में बताया गया कि छिबरामऊ की सभी 17 साइटों पर काम बंद है। तालग्राम की आठ साइटों में से सिर्फ एक में कार्य चल रहा है। हसेरन की सभी सात साइट बंद मिली। उमर्दा की 27 में से एक साइट चालू मिली।
जलालाबाद की सभी छह साइटों पर कार्य बंद पाया गया। गुगरापुर की 19 में से एक साइट व सौरिख की 22 में तीन साइटों पर कार्य चालू पाया गया। सदर विकास खंड की सभी 38 साइटों पर काम बंद मिला। कार्यदायी संस्था पर पहले भी लापरवाही के कारण अर्थदंड लगाया जा चुका है। इसके बाद भी सुधार नहीं आ रहा है। जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार का कहना है कि कुछ समय से बजट की समस्या है। एक साथ कई साइटों पर काम बंद होना खेद का विषय है। कंपनी के अधिकारियों से बात की है, मैन पाॅवर की समस्या बताई जा रही है। कंपनी ने मैन पाॅवर की व्यवस्था के लिए 15-20 दिन का समय मांगा है। इसके बाद भी यदि काम की गति ठीक नहीं मिली तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी
बजट की कमी भी है वजह
साइटों पर काम बंद होने के पीछे एक खास वजह बजट की कमी भी है। सूत्रों की मानें तो पेयजल योजना के तहत कार्य कर रही कंपनियों को समय से बजट नहीं मिल पा रहा है। रुक-रुक कर भुगतान होने से काम प्रभावित हो रहा है।
।