तालग्राम। नगर पंचायत तालग्राम क्षेत्र में एक साल से बना खड़ा मैटेरियल रिकवरी फैसेलिटीज (एमआरएफ) सेंटर लोकार्पण के बाद भी संचालित नहीं हुआ है। इससे कूड़ा सड़कों के किनारे डंप हो रहा है। आवेदन के बाद बिजली कनेक्शन भी नहीं हुआ है। इससे कचरे का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
नगर पंचायत से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तिर्वा-मवैइया मार्ग पर कुशलपुर्वा के समीप 40 लाख रुपये की लागत एमआरएफ सेंटर बना हैे। प्रतिदिन 10 मीट्रिक टन क्षमता वाले कूड़ा निस्तारण केंद्र का निवर्तमान चेयरमैन कुसुमा यादव ने छह दिसंबर 2021 को लोकार्पण किया था। उसके बाद भी सेंटर संचालित नहीं हो सका है।
कस्बा से प्रतिदिन निकलने वाला करीब पांच मीट्रिक टन कूड़ा कचरा कुशलपुर्वा मार्ग समेत सड़कों के किनारे डाला जा रहा था। इससे हर समय दुर्गंध आती है। सेंटर पर बिजली कनेक्शन न होने से कूड़ा निस्तारण का काम नहीं हो पा रहा है।
नगर पंचायत कार्यवाहक ईओ उमेशचंद्र का कहना है कि जल्द ही एमआरएफ सेंटर को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।