कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के कुतलूपुर मकरंदनगर में रविवार को मानसिक रूप से परेशान युवक ने जहर खा लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया है।
कुतलूपुर मकरंदनगर निवासी नीरज शुक्ला (34) के परिजन ने बताया कि नीरज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान था। रविवार की शाम जब घर के अन्य सदस्य कामों में व्यस्त थे तभी नीरज ने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ गटक लिया। कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा तब परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने स्थिति को नाजुक देखते हुए उसे तुरंत कानपुर के लिए रेफर कर दिया।