कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र में राजधानी होटल के पास ई-रिक्शा पलटने से उसके नीचे एक बच्चा दब गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।
गांव डहलेपुर निवासी जितेंद्र ने बताया कि शनिवार शाम को वह बेटे शिवांशु (9)के साथ ई-रिक्शा लेकर सरायमीरा से घर जा रहा था। राजधानी होटल के समीप रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर गड्ढे के कारण ई-रिक्शा पलट गया। रिक्शे में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं लेकिन शिवांशु रिक्शे के भारी ढांचे के नीचे आ गया। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बच्चे को रिक्शे के नीचे से निकला।
जितेंद्र उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मना कर दिया है। कहा कि मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।