कन्नौज। रविवार को सुबह काली घटाएं छा गईं। कई इलाकों में अंधेरा छा गया। उसके बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो करीब तीन घंटे तक चलती रही। इससे कई स्थानों पर जलभराव भी हो गया।
मौसम विभाग ने पहले ही बदली छाई रहने और बारिश होने का अलर्ट जारी कर दिया था। साथ ही किसानों को सलाह दी है कि फसलों में ज्यादा सिंचाई न करें। रविवार को करीब तीन घंटे हुई रिमझिम बारिश से मक्का व धान की फसल को राहत मिली है।
सब्जियों के लिए भी बारिश राहत भरी है। दूसरी ओर सड़कों के किनारे कई जगह जलभराव भी हो गया। जीटी रोड, तिर्वा रोड, मानपुर रोड, नसरापुर समेत कई स्थानों पर लोगों को निकलने में दिक्कतें हुईं।
मौसम वैज्ञानिक अमरेंद्र यादव का कहना है कि करीब 15 मिमी बारिश कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी में रिकार्ड की गई है। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त तक बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है।