छिबरामऊ (कन्नौज)। नगर की बिगड़ी पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए जल निगम और नगर पालिका प्रशासन ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। जल निगम की ओर से तैयार एस्टीमेट के आधार पर पालिका ने एक करोड़ 98 लाख 57 हजार रुपये के बजट के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता निर्दोष कुमार जौहरी के निर्देश पर जेई अखिलेश कुमार ने रीबोर के लिए नगर के चार नलकूपों और बहवलपुर में नए नलकूप के लिए एस्टीमेट तैयार कर नगर पालिका परिषद को सौंप दिया है। एस्टीमेट के अनुसार 9.98 लाख रुपये की लागत से बहवलपुर केे गमा देवी मंदिर परिसर में नया नलकूप लगेगा। पंप हाउस और राइजिंग लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद के परिसर के अलावा मोहल्ला गनेश चौधरी, अस्पताल रोड व हीरालाल कालेज के पीछे लगे नलकूप को रीबोर कराया जाएगा।
पालिका के ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी ने बताया कि बजट के लिए शासन को डिमांड भेजी गई है। बजट स्वीकृत होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।