तालग्राम। खूंखार कुत्तों ने मंगलवार दोपहर कई लोगों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने 12 लोगों को काट कर जख्मी कर दिया। इसमें बच्चों की संख्या ज्यादा है। जबकि कुत्तों ने सीएचसी पर भी लोगों पर हमला किया, इससे अफरा तफरी का माहौल रहा। काफी प्रयास के बाद कुत्तों पर काबू पाया गया। सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम नहीं पहुंची। सभी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया।
तालग्राम के गांव निकवा में खूंखार कुत्तों ने घर के बाहर खेल रहे शौर्यन (10) पुत्र सोलंकी, आर्यन (7) पुत्र बदन सिंह, अतुल (8) पुत्र गुल्लन, झोपड़ी पट्टी निवासी शाहिद (5) पुत्र सुगंध शहजाद, आदिल (7) पुत्र भूरे सीएचसी तालग्राम में स्टाफ नर्स के पति अवधेश (48) को काटा। जबकि सीएचसी पर तैनात नर्स अनुभा पाल को दौड़ा लिया, कपड़े नोच डाले।
किसी तरह कर्मचारियों ने खूंखार कुत्ते को खदेड़ा। जबकि खूंखार कुत्तों ने महानगर के आयुष (6), देवदत्त (44), कलकत्तापुर्वा के राजबहादुर (40), तालग्राम निवासी मुस्कान (16), ऊमरपुर निवासी अर्जुन (18), लाड़पुर निवासी निकता (20) को जख्मी कर दिया। सीएचसी पर फार्मासिस्ट हृदेश कुमार और श्याम नारायण गुप्ता ने घायल सभी लोगों के एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए और मरहम पट्टी कर घाव भरने वाली दवाएं दी। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को खूंखार कुत्तों को पकड़ने के लिए सूचना दी गई, लेकिन टीम गांव नहीं पहुंची।
-
इनसेट
पहले भी कुत्ते हो चुके हैं खूंखार
कुत्ते के खूंखार होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी सप्ताह अमोलर गांव में कुत्ते ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया था। अवधेश की बकरी को मार डाला और रामसेवक की बकरी को जख्मी कर दिया था। कैथनपुर्वा के किसान रामतीर्थ को भी काटा था।