छिबरामऊ। बच्चों को लेकर स्कूल जा रही वार में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग से घिरी कार के शीशे तोड़कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों को कार से निकालने के प्रयास में तीन युवकों के हाथ बुरी तरह से झुलस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी।
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र क ताजपुर रोड पर संचालित एसपीएल पब्लिक स्कूल की ओमनी वैन गांव से बच्चों को लेने के लिए गई थी। उधरनपुर गांव से चार व भौसे नगला गांव से दो बच्चों को लेकर कुंवरपुर लोधपुर गांव निवासी कार चालक बृजेश राजपूत विद्यालय लौट रहे थे। खुबरियापुर गांव में पहुंचते ही चलती कार में धुआं उठते देख बच्चों में चीख पुकार मच गई। चालक ने वैन को खड़ा कर दिया। वैन में आग लगी देख ग्रामीण दौड़ पड़े और शीशे तोड़कर अंदर बैठे बच्चों को बाहर सुरक्षित बाहर निकाला।
आग बुझाने के प्रयास में गांव के ब्रजकिशोर कुशवाहा, विपिन जाटव व उदयवीर सिंह के हाथ जल गए। इस बीच गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों के प्रयास के बाद भी कुछ देर में ही आग में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। इसी बीच कार में रखी बैटरी फट गई, जिससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।
इनसेट...
कार में लगा था गैस सिलिंडर
विद्यालय प्रबंधक सोबरन सिंह वर्मा ने बताया कि उन्होंने एक जुलाई को सेंकेडहैंड वैन खरीदी थी। ट्रायल के लिए ले गए थे। रास्ते में चालक ने बच्चों को बैठा लिया। कार पेट्रोल व एलपीजी पास थी, लेकिन उसे पेट्रोल से चलाया जा रहा था। वैन में लगा सिलिंडर खाली था।
इनसेट...
गांव में मौत होने से बची बच्चों की जान
खुबरियापुर गांव निवासी दूर संचार विभाग से सेवानिवृत्त लाइनमैन धर्मवीर सिंह चौहान का बीमारी के चलते निधन हो गया था। उनका शव घर के बाहर रखा था, जहां कई ग्रामीण शोक संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे थे। यहीं से महज 50 कदम की दूरी पर वैन से धुआं उठता देख मौजूद ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े और बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया।
इनसेट...
कार्रवाई के लिए बीएसए को भेजी रिपोर्ट: बीईओ
छिबरामऊ ब्लॉक के बीईओ आनंद द्विवेदी ने खुबरियापुर गांव पहुंचकर लोगों से हादसे के बारे में जानकारी ली। प्रबंधक सोबरन सिंह वर्मा से पूछताछ की गई। मान्यता प्राप्त होने के कारण विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीएसए को रिपोर्ट भेजी गई है।
इनसेट...
मानकविहीन इमारत में चल रहा है विद्यालय
कार में आग लगने की सूचना पर सूचना पर पहुंचीं एआरटीओ इज्या तिवारी को निरीक्षण में विद्यालय परिसर में स्कूली वाहन खड़े नहीं मिले। बच्चों से पूछताछ की तो सभी ने पैदल या साइकिलों से विद्यालय आने की बात कही। विद्यालय जाने वाला रास्ता अवरुद्ध देख एआरटीओ भड़क गईं । उन्होंने विद्यालय भवन की वीडियो बनवाकर सुरक्षित किया। उन्होंने बताया कि मानकों की अनदेखी कर विद्यालय संचालित हो रहा है। प्रबंधक व प्रधानाचार्य पर कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा गया है।