क्षेत्र के गांव ताहपुर में पुलिस अफसरों ने ग्रामप्रधानों को मामूली विवाद निपटाने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना व उनके निस्तारण का भरोसा दिलाया। अपराधों पर अंकुश के लिए जनता को पुलिस का सहयोग करने को कहा।
तालग्राम थानाध्यक्ष रजनेश कुमार चौहानने ताहपुर के मुख्य बाजार में चौपाल लगाई। इस दौरान शिकायत करने लोगों की भीड़ उमड़ी। थानाध्यक्ष ने विवादों व समस्या को सुनकर उनका जल्द निराकरण का पीड़ितों को भरोसा दिलाया। साथ ही भूमि विवाद व नाली-खड़ंजा के विवादों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर ग्रामप्रधान को निपटाने को कहा।
शराब पीकर उपद्रव करने, दबंगई दिखाने पर तत्काल इसकी सूचना उनके मोबाइल नंबर 9454403685 पर दें। कहा कि समाज ऐसा माहौल दें ताकि बहू-बेटियां निर्भीक होकर घर से बाहर भी आवागमन कर सके। गांव के चौकीदारों व बीट सिपाहियों को बाहरी व संदिग्धों पर नजर रखने की हिदायत दी। वहीं जनता को भरोसा दिलाया कि पुलिस हरसंभव पीड़ितों की मदद को तैयार है।
इस मौके पर प्रधान स्नेहलता पटेल, पूर्व प्रधान हरिश्चंद्र पटेल व पूर्व प्रधान शिवराज सिंह पटेल, मास्टर कुतुबुद्दीन, रामरूप, चुन्नू बाबू, जयसिंह, दराब, पूर्व पोस्टमास्टर सुभाषचंद्र सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। वहीं नदसिया प्रतिनिधि के अनुसार पचोर चौकी प्रभारी राधेश्याम यादव ने कहा कि गांव में गुंडई करने वालों के बारे में जानकारी दें। चौकी प्रभारी ने गांव के अंदर भ्रमण कर चकरोड पर जानवर बांधने वालों को फटकार लगाई। दोबारा करने पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की चेतावनी दी।
चौकी प्रभारी ने लगाई चौपाल
सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदपुर में चौकी इंचार्ज अमर बहादुर सिंह ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनका मौके पर निस्तारण किया। चौपाल के दौरान गांव के वीरेशचंद्र और रामनरेश के बीच चले आ रहे पैतृक जमीन के विवाद को सुना और उसे आपसी सुलह समझौते के आधार पर सुलझाने का प्रयास किया।
रामपाल और योगेंद्र कुमार के बीच चल रहे नाली के विवाद को भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर उसे निपटाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा छोटे-मोटे विवादों को आपस में ही सुलझाकर निपटाने का आह्वान किया। इस दौरान शशिकांत यादव, सुनील कुमार, कुशल पाल, अरविंद सिंह, कृष्ण कुमार, वीरेशचंद्र, रतनेश कुमार, राजेश कुमार, सुभाषचंद्र, सुरजीत यादव, आत्माराम आदि मौजूद रहे।
वहीं मलिकपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांव टड़हा स्थित बारात घर में सराय प्रयाग के चौकी इंचार्ज वीपी सिंह ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौकी इंचार्ज ने कहा कि छोटे विवादों को गांव में ही बैठकर आपस में निपटा लें। इस मौके पर प्रधान प्रेमचंद्र वर्मा, सचिव रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।