शहर के मुख्य बाजार में खिलौने व बूंदी खरीदते लोग।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। दो दिन धनतेरस मनाए जाने से व्यापारियों की दीपावली अच्छी हो गई। गुरुवार से ज्यादा वाहन शुक्रवार को बिके। लोगों ने मुहूर्त को ध्यान में रखकर खरीदारी की। ऑटो मोबाइल से लेकर इलेक्ट्रिक उपकरण, कपड़े, बर्तन, गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति समेत अन्य सामान खरीदा गया। करीब 30 करोड़ का कारोबार हुआ।
जिले में दो दिन धनतेरस का पर्व मना। शहर के मुख्य बाजार में ग्राहकों की भीड़ से पुलिस को पसीना बहाना पड़ा। बाजार में पुलिस व पीएसी के जवान गश्त करते रहे। जाम लगने पर फोर्स ने सक्रियता से खुलवाया। खील, खिलौनों, गट्टा, चूरा, इमरती सहित कई मीठे पकवान की खरीदारी होती रही। सरायमीरा में मिट्टी के दीपक, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां खूब बिकीं। जीटी रोड बाजार के निकट होने से लोगों को जीटी रोड के किनारे वाहन खड़े करने की इजाजत नहीं दी गई थी। ऑटो मोबाइल के क्षेत्र में करीब 25 करोड़ का व्यापार हुआ। दो करोड़ का सराफा, एक-एक करोड़ इलेक्ट्रिक उपकरण, बर्तन व एक करोड़ की धनतेरस से जुड़ी अन्य सामग्री की खरीदारी की गई।
दूसरे दिन भी बाजारों में उमड़ी भीड़, व्यापारी खुश
छिबरामऊ। त्योहारी खरीदारी करने के लिए बाजारों में सुबह से देर शाम तक भीड़ रही। लोगों ने कपड़े, पूजन सामग्री व घरेलू साज सज्जा का सामान खरीदा। दो दिन की धनतेरस होने से शुक्रवार को खरीदारी बढ़ने पर व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। नगर में सजी स्थायी, अस्थायी त्योहारी दुकानों पर सुबह 10 बजे से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भीड़ के चलते मुख्य मार्ग पर पैदल चलने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लॉकडाउन व कोरोना संक्रमण के बीच बाजार में तगड़ी खरीदारी से दुकानदारों के चेहरों पर रौनक नजर आई।(संवाद)