अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से डाक्टर्स डे पर बुधवार को फ्री मेडिकल कैंप आयोजित होगा। कैंप में पहुंचने वालों को नि:शुल्क चेकअप व परामर्श की सुविधा मिलेगी। सभी कैंप एक जुलाई को सुबह दस बजे से शुरू होंगे। इस दौरान दांत, आंख, डायबिटीज समेत कई अन्य रोगों की जांच हो सकेगी।
जिला मुख्यालय पर पहली बार इस तरह के कार्यक्रम का किसी समाचार पत्र की ओर से आयोजन किया जा रहा है। गत वर्ष अमर उजाला की तरफ से गुरसहायगंज व छिबरामऊ में मुफ्त चेकअप कैंप लगाया गया था। इस बार इसमें दो कदम और आगे बढ़ाते हुए तिर्वा तहसील मुख्यालय व कन्नौज शहरी क्षेत्र को भी शामिल किया गया है।
मुफ्त कैंप के दौरान अधिक से अधिक मरीजों का चेकअप करके उन्हें सेहतमंद रहने की सलाह दिलाने का प्रयास होगा। वहीं सीएमओ ने विभागीय डाक्टरों से आह्वान किया है कि वे डाक्टर्स डे को सेवा भाव के रूप में मनाएं। इस दिन अधिक से अधिक मरीजों का उपचार कर दवाएं दें ताकि उन्हें भगवान का जो दर्जा प्राप्त है उसका मान बढ़े।
अमर उजाला की नेक पहल सराहनीय
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पीएन वाजपेयी कहते हैं कि डाक्टर्स डे पर अमर उजाला का मुफ्त कैंप लगवाने की नेक पहल सराहनीय है। इससे जनता को राहत मिलेगी। ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए। अमर उजाला खबरों के साथ ही सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के जरिए समाजिक कार्य करने की प्रेरणा जनमानस में जगाने का काम कर रहा है।