कन्नौज। सोशल मीडिया पर आए एक मैसेज को देखकर डाॅक्टर भी लालच में आ गए और रुपये जमा कर दिए। ठगों ने डॉक्टर को 18.10 लाख रुपये की चपत लगा दी। डॉक्टर की तहरीर पर मंगलवार को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
गाेंडा के रहने वाले डॉ. श्रीधर त्रिपाठी क्षेत्र के काजीटोला स्थित साईं किड्स हास्पिटल में कार्य करते हैं। चार जून को उनके टेलीग्राम पर मैसेज आया कि 30,000 रुपये जमा करने पर 39,000 प्राप्त होगा। डॉक्टर भी ठगों के झांसे में आ गए और उस पर विश्वास कर डॉक्टर ने रुपये जमा कर दिए। इसके बाद ठगों ने पहले जमा किए रुपयों को निकालने के लिए 56,000 फिर 5,68,000 और 11,56,000 रुपयाें की मांग की।
डॉक्टर के जमा किए हुए रुपयों की मांग करने पर हर बार ठग अधिक रुपयों की मांग करते रहे। इस प्रकार ठगों ने प्रलोभन देकर डॉक्टर से 18.10 लाख रुपये ठग लिए। छह माह बाद भी रुपये न मिलने पर डॉक्टर को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और दो नवंबर को साइबर थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। साइबर थाना प्रभारी विश्वनाथ मिश्रा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जल्द ही साइबरों ठगों को गिरफ्तार कर रकम बरामद की जाएगी।