कन्नौज। अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर मोचीपुर रेलवे क्रॉसिंग के सामने खड़े कंटेनर में सोमवार की देर रात पिकअप घुस गई। हादसे में पिकअप पर सवार एक किसान की मौत हाे गई और दूसरा किसान व चालक घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया। किसान कानपुर में गोभी बेचकर घर आ रहे थे।
फर्रुखाबाद के थाना कादरीगेट के ग्राम निवलपुर निवासी रामसिंह (50) खेती करते थे। परिजनों ने बताया कि रामसिंह ने खेत में गोभी की बोआई की है। ग्राम खानपुर निवासी होरीलाल (55) के साथ गोभी बेचने के लिए पिकअप से कानपुर गए थे। पिकअप ग्राम तेजपुर निवासी दिनेश (31) चला रहे थे। कानपुर में गोभी बेचने के बाद दोनों किसान पिकअप से ही घर आ रहे थे।
अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर सदर क्षेत्र के मोचीपुर रेलवे क्रॉसिंग के सामने खड़े कंटेनर में पिकअप घुस गई। हादसे में पिकअप पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पर डॉक्टर ने रामसिंह को मृत घोषित कर दिया और होरीलाल व दिनेश की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन घायलों को लेकर कानपुर रवाना हो गए। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।