कन्नौज। जिले के 33 शहरी और तीन नगरीय पीएचसी पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का रविवार को आयोजन होता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर मेले में डॉक्टरों के बड़ी संख्या में मरीजों का परीक्षण करने के साथ ही जांच के दावे किए जाते थे। इसी क्रम में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने जब मानीमऊ पीएचसी का निरीक्षण किया तो स्वास्थ्य विभाग के सभी दावों की पोल खुलकर सामने आ गई। पीएचसी पर तैनात डॉ. गुरुसरन, डॉ. पियूषा पंकज तथा फार्मासिस्ट आलोक अनुपस्थित मिले। वहीं, लैब टेक्नीशियन मीनू वर्मा और वार्ड आया रजनी मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीएम को निरीक्षण के दौरान पीएचसी पर गंदगी और अव्यवस्थाएं भी मिलीं। साथ ही छह निष्प्रयोज्य एंबुलेंस भी खड़ी थी। उन्होंने ओपीडी रजिस्टर देखा, जिसमें 24 मरीजों का नाम दर्ज था। लैब टेक्नीशियन और वार्ड आया ने डीएम को बताया कि फार्मासिस्ट ने मरीजों को परामर्श दिया था। कुछ देर पहले ही पीएचसी से निकले हैं। डॉक्टरों, फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति और गंदगी को देखने पर सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता को डॉक्टरों पर कार्रवाई करने व पीएचसी में सफाई-सफाई कराकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुपयोगी खड़ी एंबुलेंस का निस्तारण कर उनकी व्यवस्था दुरुस्त की जाए। जिले की सभी पीएचसी पर 1417 मरीजों को परामर्श कर दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। बीडीओ ने पीएचसी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।