हर महीने 10 हजार रुपये मानदेय दिए जाने की मांग को
लेकर आशा-बहुओं ने शुक्रवार को डीएम आवास के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस
दौरान हक व हितों के लिए आरपार का संघर्ष मांगें पूरी न होने तक जारी रखने
का आह्वान किया गया।
अनुराधा, पुष्पा देवी, साधना, राजकुमारी, करुणा
देवी, राखी, देवकी, कमलेश, रेखा, विमला, हेमलता और पूनम देवी समेत सैकड़ों
आशा-बहुएं नारेबाजी करते हुए शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर एकत्र हुईं।
नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी आवास के बाहर पहुंची। काफी देर तक यहां जमीन
पर बैठकर धरना दिया।
सूचना पाकर एसडीएम सदर सुनील कुमार शुक्ला मौके पर
पहुंचे। इस पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को संबोधित ज्ञापन
उप जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में आशा बहुओं ने कहा कि वे लोग वर्ष 2006
से काम कर रही हैं। इसके बावजूद मानदेय नहीं मिल रहा है। कहा कि
जीविकोपार्जन के लिए हर महीने 10 हजार रुपये का मानदेय दिया जाए। यदि ये
मांग जल्द न मानी गई तो वे लोग उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगी।