सौरिख(कन्नौज)। लुधियाना से महाराजगंज जा रहे युवकों की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई। साथी घायल है। घायल को मेडिकल कालेज तिर्वा भेजा गया।
महाराजगंज जिले में निचलौल थाने के सिल्टापुर खसराह निवासी गंगाधर पासवान(35) गांव के ही साथी परमात्मा(30) के साथ लुधियाना में निजी कंपनी में काम करते थे। लॉकडाउन के चलते मंगलवार शाम दोनों लोग बाइक से गांव के लिए निकले। बुधवार सुबह छह बजे के करीब थाना क्षेत्र के सलेमपुर के पास बाइक चला रहे गंगाधर को झपकी आ गई। इससे बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हेलमेट न लगाए होने से गंगाधर की मौत हो गई। परमात्मा हेलमेट लगाए थे। इससे जान बच गई।
सूचना पर पहुंचे यूपीडा व गश्ती दल ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने गंगाधर को मृत घोषित कर दिया। परमात्मा को राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।