तालग्राम(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बेहटा और भीकमपुर सहनी गांव के बीच मंगलवार की रात दिल्ली से बिहार जा रही प्राइवेट बस डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में बस में सवार 22 यात्रियों में सात गंभीर रूप से घायल हो गए। 15 यात्री मामूली चुटहिल हुए हैं। घायलों को यूपीडा एंबुलेंस से सीएचसी और जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे का कारण बस चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र के गांव वासलिया निवासी रजनेश(23) मां वैष्णो ट्रैवल्स की बस चलाते हैं। मंगलवार को वह दिल्ली से यात्रियों को लेकर मुजफ्फरपुर( बिहार) जा रहे थे। रात लगभग दो बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम थाना क्षेत्र के बेहटा और भीकमपुर सहनी गांव के बीच चालक को झपकी आने से बस डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे के समय बस में सवार ज्यादातर यात्री सो रहे थे। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में बिहार के जिला सीतामढ़ी थाना वलसान निवासी सहायक चालक मदन शाह(50), बिहार निवासी रामबाबू(40), रसेर, बिहार निवासी देवीलाल(35), सहेबगंज निवासी उमेश राम(45), रोहित(16), अरतुआ निवासी राजा बाबू( 35) गंभीर रूप से घायल हो गए। 15 लोग मामूली चुटहिल हुए हैं।
सूचना मिलने पर यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी नामवर सिंह टीम के साथ पहुंच गए। चालक समेत छह गंभीर घायलों को जिला अस्पताल और मदन शाह को सीएचसी तालग्राम में भर्ती कराया गया। बाकी यात्रियों को दूसरी बस से भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से थाना तालग्राम में खड़ा कराया गया है।