छिबरामऊ। वृद्ध ने जिला पंचायत अध्यक्ष पर सौरिख-बिधूना मार्ग स्थित बेशकीमती जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया है। न्याय न मिलने पर वृद्ध ने परिवार के साथ आत्मदाह की धमकी दी है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष ने छवि धूमिल करने का षड़यंत्र रचने की बात कहते हुए आरोपों को नकार दिया।
ग्राम रम्पुरा (खोजीपुर) निवासी कप्तान सिंह (80) ने डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल से शिकायत करते हुए बताया कि उनकी छिबरामऊ-बिधूना मार्ग के किनारे बेशकीमती जमीन है। ग्राम लक्षीराम नगला निवासी जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य व उनके पति ओमकार शाक्य जमीन पर कब्जा करने पर आमादा है। इसका दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि राजनीतिक पैठ होने के कारण प्रशासन उसकी उसकी मदद करने में पूरी तरह से असमर्थ है। वृद्ध ने आरोप लगाया कि कई बार पुलिस उसे धमका भी चुकी है। कप्तान सिंह का कहना है कि अगर उसे न्याय न मिला तो परिवार के साथ अपनी जमीन पर आत्मदाह कर लेगा।एसडीएम उमाकांत तिवारी का कहना है कि डीएम के निर्देश पर राजस्व टीम को भेजकर पैमाइश कराई जा चुकी है। दो पक्षों के बीच मालिकाना हक को लेकर विवाद है। जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है। अध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य प्रिया शाक्य का कहना है कि उनका इस विवाद से कोई लेना देना नहीं है। राजनीतिक छवि धूमिल करने के लिए उनका व उनके पति का नाम षडयंत्र के तहत इस विवाद में शामिल किया जा रहा है।
जांच करने पहुंचे लेखपाल से की ग्रामीणों ने अभद्रता
छिबरामऊ। क्षेत्रीय लेखपाल प्रशांत कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि सूचना के आधार पर रम्पुरा (खोजीपुर) में जांच के लिए गया था। निर्माण कार्य करा रहे कप्तान सिंह, पुत्र राजीव, पत्नी सरला देवी, जितेंद्र, नीतेश समेत परिवार की अन्य महिलाओं को रोका तो वह लोग गालीगलौज करते हुए बलवा करने पर आमादा हो गए। लेखपाल का कहना है है कि यह लोग अवैध तरीके से नींव भरवा रहे थे। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। शिकायत सही मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।