जिला पंचायत में शनिवार को हुई बोर्ड की बैठक हंगामेदार रही। इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि सदन में उठाई जाने वाली समस्याओं के प्रति कोई भी अधिकारी गंभीर नहीं है। अधिकारी जवाब दें यदि सदन में उठाई गई किसी भी सदस्य की समस्या का निस्तारण कराया गया हो। जिले में चल रहे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई गई। कहा कि निर्माण कार्य में घोर अनियमितताएं हैं, लेकिन किसी भी अफसर के पास उनको देखने की फुर्सत नहीं है।
जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में सदस्य महेश चंद्र शास्त्री ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत में अध्यक्ष शिल्पी कटियार सपा समर्थित हैं। वह भाजपा से चुनाव जीतकर आई हैं। इस कारण उनकी ओर से दिए गए प्रस्तावों पर कोई विचार नहीं किया गया। इस बात पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में दूसरे सदस्यों ने बीच में पड़कर मामले को शांत कराया।
ठठिया पेयजल योजना में विगत कई दिनों से मोटर फुंकी होने का मामला उठाया गया। इस पर जवाब दिया गया कि मोटर को ठीक होने के लिए भेजा गया है।
सदस्य शैलेंद्र यादव ने कहा कि ब्राहिमपुर में पाइप लाइन का कार्य पूरा नहीं किया गया। सवाल उठाया गया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कों को किसान काट देते हैं, जिस कारण वह सड़कें कुछ दिन में बेकार हो जाती हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाए।
सदस्य प्रतिनिधि पिंटू यादव ने कहा कि सदन में उठाए गए सवालों को केवल अधिकारी सुनकर चले जाते हैं, उनका कोई निस्तारण नहीं कराया जाता। सदस्य मनीष यादव ने कहा कि सौरिख से सकरावा के बीच पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें घटिया क्वालिटी की सेम ईंट का प्रयोग हो रहा है।
तालग्राम चेयरमैन दिनेश यादव ने कहा कि बनियानी से कोटिया की सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सदस्य पायल ने कहा कि जीटी रोड से मझपुर्वा को जाने वाली सड़क की गुणवत्ता चेक कराई जाए। कई सदस्यों ने कहा कि तमाम क्षेत्र के लोग हैंडपंप के लिए आते हैं, लेकिन उनको कोई अधिकार नहीं है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि संजू कटियार ने कहा कि राज्य वित्त आयोग की गाइड लाइन को बदला नहीं जा सकता है। एक प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। यदि मंजूरी मिल जाएगी तो सदस्यों को हैंडपंप मिलने लगेंगे। सदस्य संतोष यादव ने तिलसरा माइनर में दस लाख के गबन के आरोप लगाए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष शिल्पी कटियार, सदर विधायक अनिल दोहरे, सदस्य दिगंबर सिंह यादव, प्रीतू कटियार, ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव, योगेंद्र भदौरिया आदि रहे।
गायब अफसरों को भेजा जाए नोटिस
कन्नौज। अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कार्रवाई रजिस्टर में गायब अधिकारियों के नाम नोट करने को कहा। बोर्ड की बैठक के दौरान तमाम अधिकारी गैर हाजिर रहे। कहा कि अधिकारियों के न आने से तमाम समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाता।
जिला पंचायत में 22 करोड़ का बजट पास
कन्नौज। जिला पंचायत सभागार में हुई बोर्ड बैठक में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 22 करोड़ का बजट पास हो गया। उधर, पिछले वित्तीय वर्ष का 33 करोड़ का रिवाइज बजट पटल पर रखा गया। अपर मुख्य अधिकारी ज्योति कुमार दीक्षित ने कहा कि सभी सदस्यों की सहमति से बजट को पास किया गया।