कन्नौज दो साल के बाद जिला अस्पताल के स्वतंत्र विद्युत उपकेंद्र का निर्माण फिर से शुरू हुआ है। 5.45 करोड़ रुपये की लागत आएगी। तीन माह में निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। 250 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगेंगे।
2018 में जिला अस्पताल में विद्युत उपकेंद्र के निर्माण को स्वीकृति मिली थी। उत्कर्ष एसोसिएट प्राइवेट लिमिटेड को ठेका दिया गया था। कुछ काम हुआ भी। बाद में बजट की कमी से काम बंद हो गया। अब बजट मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने काम शुरू कर दिया है।
पहले चार करोड़ रुपये खर्च होने थे। दो साल काम बंद रहने से लागत बढ़ गई है। शासन ने पांच करोड़ 45 लाख रुपये देने की घोषणा की है। संस्था के जिम्मेदारों के मुताबिक तीन माह में निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। टेस्टिंग के बाद जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली मिलेगी।
ट्रांसमिशन सेंटर से सीधे बिजली दी जाएगी। उपकेंद्र स्वतंत्र होने से कटौती नहीं होगी। वहीं एक्सईएन शादाब अहमद ने बताया कि यह काम दो साल से लंबित था। अब स्वीकृति मिल गई है। तीन माह में निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है।