मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जिले का व्यापार दो साल में दस गुना हो जाएगा। यहां पर इतना विकास कार्य करा दिया गया है, जितना कोई भी सरकार नहीं करा सकती है। पैरामेडिकल कालेज, इंजीनियरिंग कालेज, तिर्वा-कन्नौज रोड फोरलेन और एक्सप्रेस-वे का निर्माण जल्द हो जाएगा।
इससे भी व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। वह सोमवार को सैफई से लखनऊ जाते समय कुछ देर तिर्वा में दिवंगत सपा नेता मुन्ना बाथम के ढाबे पर रुके। उन्होंने कहा कि तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर बन रहे फोरलेन का ठठिया रोड से बस्ती के अंदर तक चौड़ीकरण होगा। इसमें सभी व्यापारी सहयोग करें।
सड़क चौड़ी होने से व्यापारियों की बिक्री भी बढ़ेगी। इसके पहले इंदरगढ़ कसबे में पटेल नगर तिराहा, मराला तिराहा, अगौस, बछज्जापुर, तिर्वा सपा कार्यालय, रेहान वारसी के प्रतिष्ठान पर गुल्लू वारसी समेत अल्पसंख्यक समुदाय के दर्जनों लोगों ने उनका स्वागत किया।
उधर क्रांति चौराहे पर सपा नेत्री गुड्डी शाक्य व अवधेश यादव, डीएन कालेज के प्रधानाचार्य रामऔतार यादव, सपा नेता पंकज यादव, तहसील के सामने अधिवक्ताओं ने, मेडिकल कालेज के प्राचार्य वीएन त्रिपाठी, नवाब सिंह यादव और नुनारी गांव के ग्रामीणों ने सीएम के काफिले को रोककर उनका स्वागत किया।
मुन्ना बाथम के ढाबे पर उनके पुत्र व सपा के जिला सचिव दिनेश बाथम, अजय वर्मा, राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, अंशुल गुप्ता, कंचन कनौजिया, हरदेव सिंह ड्यूक, राम नरायन बघेल, अजय चतुर्वेदी ने उनका स्वागत किया।
निर्माणाधीन सड़क पर खाए हिचकोले
कन्नौज/तिर्वा। तिर्वा से कन्नौज तक फोरलेन निर्माण में देरी के कारण काम अभी खत्म नहीं हो पाया है। सोमवार को सीएम का काफिला हिचकोले खाते हुए तिर्वा से कन्नौज तक पहुंचा। इस दौरान उन्होंने कार में बैठे-बैैठे ही वृक्षों की कटान व बिजली के खंभे अभी तक शिफ्ट न हो पाने का नजारा देखा।
कई स्थानों पर पुलिया चौड़ीकरण कार्य भी अधूरा नजर आया। ईशन नदी के जर्जर पुल के गड्ढों ने सीएम की कार की रफ्तार अपने आप धीमी कर दी, जबकि उसकी रेलिंग ने भी जर्जर होने का एहसास करा दिया। तिर्वा प्रतिनिधि के अनुसार सीएम के काफिले को पहले विधूना से बेला होते हुए तिर्वा आना था।
लेकिन बेला से निकारीपुरवा गांव तक सड़क खस्ताहाल होने पर औरैया व कन्नौज के डीएम के बीच मंत्रणा हुई। इसके बाद सीएम की फ्लीट का रूट बदला गया। तब सीएम सौरिख से इंदरगढ़ होते हुए तिर्वा आए।
जिला पंचायत सदस्य ने की शिकायत
कन्नौज। मंडी समिति के सामने सरकारी लकड़ी चोरी करने के मुकदमे में नामजद सपा नेता जिला पंचायत सदस्य नेम सिंह ने मुख्यमंत्री से मामले की शिकायत की। उन्होंने पुलिस पर उनका व उनके साथियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि सीएम ने उन्हें मंगलवार को लखनऊ बुलाया है, ताकि पूरे मामले की तह तक जा सकें।
----
धक्का-मुक्की पर चढ़ा सीएम का पारा
कन्नौज। पार्टी कार्यालय में धक्का-मुक्की देख सीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को शांत रहने के लिए कहा। सीएम की नाराजगी व हाथ दिखाकर समझाने के बाद कुछ देर तो शांति हुई, लेकिन अगले ही पल सपाई पुराने ढर्रे पर उतर आए।
पत्रकार के परिजनों की सीएम देंगे मदद
तिर्वा (कन्नौज)। कान्यकुब्ज पत्रकार समिति की मांग पर सीएम अखिलेश यादव ने सड़क हादसे में मृत पत्रकार अर्पित पाल के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। सोमवार को तिर्वा में समिति पदाधिकारियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भरोसा दिया। इस दौरान विमलेंद्र बघेल, अतुल शर्मा, रज्जन सक्सेना आदि मौजूद थे।