कन्नौज। लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए अब केवल 15 दिनों का वक्त बचा है। 13 मई को मतदान होगा। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां लुभाने वादों के साथ अपने-अपने घोषणापत्र लेकर जनता के बीच पहुंच रही हैं। प्रशासन की ओर से भी मतदान करने की अपील की जा रही है, लेकिन इन सबके बीच शहर के कृष्णा नगर के बाशिंदों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण इस बार वोट न डालने का फैसला किया है। मतदान का बहिष्कार कर बैनर लगाकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
शहर के मकरंद नगर और सराय मीरा के बीच में बसे कृष्णा नगर में करीब 100 परिवार रहते हैं। यहां के हालात गांवों से भी बदतर हैं। पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। स्थानीय प्रवीण मिश्रा बताते हैं कि न तो कोई रोशनी की व्यवस्था है न ही सड़क के अलावा पानी के निकासी की। नगर पालिका की ओर से गृहकर और जलकर की वसूली तो की जाती है पर सुविधाएं नहीं दी जातीं।
हरी शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि इस इलाके की समस्याओं के समाधान करने के लिए अफसरों से लेकर जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई है। किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। बाशिंदों का धैर्य शनिवार को जवाब दे गया और नगर के लोग सड़कों पर उतर आए और बैनर लगाकर विकास नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाकर 13 मई को होने वाले मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। लोगों ने बताया कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।
इस दौरान राजेश कुमार, रितेश चतुर्वेदी, सौरभ अवस्थी, अंकित, ईश त्रिपाठी, रजनी त्रिपाठी, रीना पाठक, संजीव कुमार, रवि शंकर, अवधेश कुमार, रीना पाठक, जितेंद्र यादव, प्रवीण मिश्रा, रविशंकर, अंकित, विनय गुप्ता शामिल रहे।
खाली पड़े प्लाॅटों में भरा गंदा पानी, पनप रहे मच्छर
कृष्णा नगर में रहने वाले लोकेश त्रिपाठी बताते हैं कि खाली पड़े प्लाॅटों में गंदा पानी भरा हुआ है, जिसमें गंदगी के साथ मच्छर व अन्य कीड़े पनप रहे हैं। जिससे आस-पास के लोगों को परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। इस पर शिकायतों के बाद भी कभी किसी तरह का ध्यान नहीं दिया गया है।