कन्नौज। कोहरे की धुंध में पिछली बार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कई बड़े हादसे हुए। इस बार कोहरा पड़ने से पहले ही यूपीडा के अधिकारियों ने हादसाें की रोकथाम के प्रयास शुरू कर दिए हैं। स्थानीय पुलिस के साथ ही दस किलोमीटर पर पिकेट बनाकर टीमें तैनात रहेंगी। धुंध के दौरान नियंत्रित गति के साथ वाहनों को निकाला जाएगा।
पिछले साल आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते जिले में कई हादसे हुए थे। सांसद सुब्रत पाठक के इत्र कारोबारी पिता ओमप्रकाश पाठक की भी मौत हो गई थी। हादसों की रोकथाम के लिए इस बार एक्सप्रेस-वे पर प्रति दस किलोमीटर की दूरी पर यूपीडा की सुरक्षा टीम और स्थानीय पुलिस टीम पिकेट बनाकर तैनात रहेगी। धुंध के चलते हादसा हुआ तो वाहनों को रोक दिया जाएगा। इसके अलावा हादसों को रोकने के लिए प्रत्येक 500 मीटर की दूरी पर फॉग लाइट लगाई जाएंगी। पोल और डिवाइडरों में रिफ्लेक्टर लगाने के साथ सफेद पट्टी को गाढ़ा किया जाएगा।
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण होने वाले हादसों की रोकथाम के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। जगह-जगह टीमें तैनात कर हादसों की रोकथाम के लिए प्रयास किए जाएंगे।