गुरसहायगंज। शासन ने सदर विधायक एवं समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की विधायक निधि से कुल 94.27 लाख रुपये की धनराशि विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत कार्यों में प्रमुख रूप से जसोदा–कुसुमखोर मार्ग के विभिन्न हिस्सों में सीसी मार्ग निर्माण शामिल है। जसोदा–कुसुमखोर मार्ग के एक किलोमीटर के अंतर्गत आने वाले जसोदा आबादी क्षेत्र में 600 मीटर लंबाई का सीसी मार्ग बनाया जाएगा। इसी तरह किलोमीटर तीन पर स्थित जसोदा आबादी के 400 मीटर हिस्से तथा किलोमीटर आठ के मौजमपुर आबादी क्षेत्र में 300 मीटर लंबे मार्ग का निर्माण स्वीकृत किया गया है। इन मार्गों के बन जाने से आवागमन सुगम होगा और लोगों को बरसात में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त इस्माइलपुर से जलखरिया, रजलामऊ, जयसिंहपुर्वा होते हुए समधन मार्ग से जमुना कब्रिस्तान तक जाने वाले संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए भी राशि जारी की गई है। यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है, इसलिए इसकी मरम्मत से स्थानीय निवासियों को काफी राहत मिलेगी। मंत्री असीम अरुण ने बताया कि स्वीकृत कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा।