पालिका की बैठक को संबोधित करते अधिशाषी अधिकारी बीडी भट्ट।
- फोटो : अमर उजाला
गुरसहायगंज। नगर पालिका सभागार में शनिवार को हुई बोर्ड की बैठक में सभासदों द्वारा विकास कार्यों में सहयोग न करने पर कई सभासदों में आपस में नोकझोंक हुई। काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में चेयरमैन के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। चेयरमैन राधा गुप्ता की अध्यक्षता में शुरू हुई बोर्ड की बैठक में अधिशाषी अधिकारी बीडी भट्ट ने कई प्रस्तावों पर चर्चा की अनुमति मांगी। इस दौरान सभासद शमशाद खां ने छूटे हुए लोगों के राशन कार्ड न बनने पर नाराजगी जताई। मोहल्ला गांधी नगर में परीक्षण के लिए जल निगम द्वारा खोदे गए गड्ढों को अब तक बंद न करने की शिकायत सभासद कृष्ण अवतार ने रखी। इस पर चेयरमैन ने नगर पालिका से गड्ढों को भरवाने का आश्वासन दिया।
सभासद शकील अंसारी ने खराब हैंडपंपों का मुद्दा उठाया। पानी के संकट को देखते हुए चेयरमैन ने जलकल लिपिक जनार्दन मिश्रा को हैंडपंप ठीक कराने के निर्देश दिए। समाजवादी पेंशन का लक्ष्य पालिका द्वारा निर्धारित न करने का मुद्दा सभासद रामबाबू व अयूब सिद्दीकी ने उठाया। उनका आरोप था कि दलालों से पात्रों को समाजवादी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उनका यह भी आरोप था कि शासकीय सभासदों द्वारा कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर शासकीय सभासद नाहर सिंह यादव व रामसेवक यादव भड़क गए। काफी देर तक हंगामा होता रहा। बैठक में नागरिकों के घरों के ऊपर से निकली एचटी लाइन को भूमिगत करने का प्रस्ताव लाया गया। इस पर चेयरमैन का कहना था कि इस प्रस्ताव को शासन के पास भेजा जा रहा है। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि इंद्र कुमार गुप्ता, सभासद मुस्ताक खां, ललित मोहन, दिनेश गुप्ता, सीतू गुप्ता, मुनीर कुरैशी, अनिल चौरसिया आदि मौजूद रहे।