प्रेमपुर। स्मार्ट मीटर लगाने व इसके मनमाने बिजली बिलों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को लोगों ने स्मार्ट मीटर हटवाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर की रीडिंग सही नहीं आ रही है। बिना किसी सूचना के उनके एकाउंट के पैसे काट लिए जाते है और बिना नोटिस के ही बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। इसको जुड़वाने के लिए बिजली विभाग के चक्कर काटने पड़ रहे है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना अधिक आ रहे हैं, जिससे आमजन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
उन्होंने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटवा कर पुराने पोस्टपैड मीटर लगवाए जाएं। साथ ही स्मार्ट मीटर में आए बिलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुलदीप चतुर्वेदी, रघुनंदन, मनोज राठौर, अजय श्रीवास्तव, अंकित यादव, महावीर सिंह, अनुष्का दुबे आदि मौजूद रहे।