शहर का माहौल रविवार की रात शांतिपूर्ण रहा, पर तड़के
शहरी आबादी से करीब आधा किमी दूर बसे गांव चिंतामणि के पास उपद्रवियों ने
सुबह एक धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की। सूचना पाकर आननफानन में पहुंचे
अफसरों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तत्काल क्षतिग्रस्त हिस्से की
मरम्मत कराई।
वहीं दोपहर के वक्त शहर के मोहल्ला अरारावारी में एक धार्मिक
स्थल में उपद्रवियों ने दैमार पटाखा फोड़ दिया। सूचना पर पुलिस और
प्रशासनिक अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। अफसरों की सक्रियता से इन
दोनों ही स्थानों पर माहौल बिगड़ने से बच गया।
वहीं बवाल के आरोप में
पकड़े गए करीब सवा दर्जन उपद्रवियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
वहीं भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुब्रत पाठक
के आवास व कारखाने पर बीएसएफ व पीएसी के जवानों के साथ घेराबंदी करने के
बाद पुलिस ने दो घंटे तक तलाशी ली।
इस दौरान कोई भी आपत्तिजनक चीज न मिलने
की बात भाजपा नेता के भाई ने बताई है। उधर,, सोमवार को सरायमीरा क्षेत्र
में दुकानें खुलीं। रेलवे व बस अड्डे पर चहलकदमी नजर आई। दोपहर बाद तिर्वा
क्रासिंग से एसडी गर्ल्स इंटर कालेज तक के बीच दुकानें खोलने की अनुमति दी
गई।
इस पर लोग सामान खरीदने के लिए दुकानों पर भारी संख्या में पहुंचे।
शहर के अंदर कुछ बैंक खुली तो कुछ बंद रहीं। उधर, लाखन तिराहा, चिरैयागंज,
सफदरगंज, बड़ा बाजार, हरदेवगंज, सब्जी मंडी, मीराटोला, ग्वालमैदान,
मकरंदनगर समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पुलिस व पीएसी का सख्त पहरा
रहा।
एडीएम रमेश चंद्र यादव, एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य, उप जिलाधिकारी सदर
सुनील शुक्ला, कोतवाल भुल्लन यादव पुलिस बल के साथ भ्रमण कर सुरक्षा
व्यवस्था जांचते रहे। ज्यादातर शहरी क्षेत्र में सन्नाटा ही पसरा रहा।
बूटों की धमक के बीच सरकारी वाहनों के हूटर ही गूंजते रहे।
डीएसओ संतोष
सिंह की अगुवाई में आपूर्ति विभाग के स्टाफ ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस
की सुरक्षा के बीच चावल, सब्जी, दाल, आटा, नमक, तेल आदि वितरित कराया। इस
बाबत डीएसओ ने बताया कि 20 रुपये किलो चावल, 10 रुपये किलो आलू, 40 रुपये
किलो प्याज, 20 रुपये किलो टमाटर व 100 रुपये किलो कड़ुवा तेल, पांच रुपये
में नमक का पैकेट दिया गया है।
उधर, मंगलवार को दोनों समुदायों के लोगों व
संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति मार्च निकालने का निर्णय जिला प्रशासन ने
लिया है। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह
शांतिपूर्ण है। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। जल्द
ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने कहा
कि शहर में स्थिति नियंत्रण में है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
शहरवासियों से भी किसी के बहकावे में न आने और अफवाहों पर ध्यान न देने की
अपील की गई है।