गुरसहायगंज(कन्नौज)। लॉकडाउन में मछली लादकर दिल्ली जा रहे डीसीएम चालक से सिपाहियों ने 10 हजार की वसूली कर ली। मामले की जांच के बाद एसपी ने चार सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
सोमवार रात करीब 11 बजे कन्नौज से एक चालक डीसीएम से मछली लेकर दिल्ली जा रहा था। डायल 112 में तैनात सिपाही सनी, छोटू कुमार और चीता मोबाइल में तैनात सिपाही अनुज कुमार, डालचंद्र ने गुरसहायगंज बाईपास पर डीसीएम रोक ली। चारों सिपाहियों ने चालक से गाली-गलौज किया। इसके बाद 10 हजार रुपये लेकर उसे छोड़ दिया।
चालक ने इसकी शिकायत एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह से की। मामले की जांच के बाद बुधवार को एसपी ने चारों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने बताया कि लॉकडाउन में किसी भी मालवाहक वाहन को रोका नहीं जाएगा। वाहनों को रोककर वसूली करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।