फोटो :24: मिरगावां-सराय संयोगिता मार्ग पर हाइवे के समीप धंसी पटरी के पास बना गहरा गड्ढा। संवाद
- रात में नहीं दिखता कटान, हर गुजरते वाहन के साथ बढ़ रहा खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुगरापुर। हाइवे समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला मिरगावां-सराय संयोगिता मार्ग राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरनाक बन गया है। सड़क की पटरी धंसने से करीब तीन फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे बड़े हादसे का खतरा है। रात में अंधेरा होने से जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरटेकिंग के दौरान जरा सी चूक भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। यह मार्ग कन्नौज-छिबरामऊ हाइवे और मिरगावां, सराय संयोगिता समेत कई गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन इस रास्ते से रोडवेज बसें, ट्रक, डंपर, चार पहिया और दो पहिया वाहनों का आवागमन होता है। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान सड़क का यह हिस्सा और अधिक खतरनाक हो जाता है।
ग्रामीण मोहन पाठक, सोनू सविता, रोशन और दुकानदार भारत सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने कुछ माह पहले पटरी पर मिट्टी डलवाकर मरम्मत कराई थी। लेकिन पहली बारिश में मिट्टी बह गई और कटान लगातार बढ़ता गया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल मरम्मत, कटान भरवाने तथा चेतावनी संकेतक व बैरिकेडिंग लगाने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपेश अस्थाना ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि मौके पर टीम भेजकर तत्काल आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी।