सड़क पर पड़ी दुर्घटनाग्रस्त बाइक
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मलिकपुर रेलवे क्रासिंग पर शनिवार को गेट खुलने का इंतजार कर रहे बाइक सवार पिता-पुत्र को तेज गति से आ रही डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र घायल हो गया।
फर्रुखाबाद जनपद की फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बरगदिया घाट निवासी सोनपाल (50) अपने पुत्र रवि कुमार के साथ बाइक से शनिवार को कन्नौज आ रहे थे। मलिकपुर में रेलवे क्रासिंग पर गेट बंद होने के कारण रवि बाइक को रोड के किनारे रोककर खड़ा हो गया, तभी पीछे से तेज गति में आ रही डीसीएम ने बाइक समेत दोनों को रौंद दिया। इससे सोनपाल और उसका पुत्र रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते समय सोनपाल ने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने डीसीएम समेत चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रवि की तहरीर पर पुलिस ने डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।