मतदान के लिए लाइन में लगे कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
क्षेत्र की ग्राम पंचायत सहरोई में ग्राम प्रधान पद के लिए उपचुनाव में 78.93 फीसदी मतदान हुआ। छुटपुट झड़पों के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से निपटीं। शनिवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार बघेल के निर्देशन में सुबह सात बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर 12 बजे तक 50 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। 1710 मतदाताओं में 1349 ने वोट डाले, जिसमें 698 पुरुष और 651 महिलाएं थी।
मालूम हो कि ग्राम पंचायत सहरोई के प्रधान अजय पाल की पिछले साल हार्टअटैक से मौत हो गई थी। इस बार अजय पाल की पत्नी भूरी देवी और गांव के सुरेशचंद्र की पत्नी श्यामादेवी उपचुनाव में आमने-सामने थीं। चुनाव आयोग ने यह सीट पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित की थी। वोटिंग के दौरान अपर जिलाधिकारी वीपी सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक केशवचंद्र गोस्वामी ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया और पीठासीन अधिकारी से वोटिंग के बारे में जानकारी ली।
वहीं कुछ लोग फर्जी वोटिंग करने का भी प्रयास कर रहे थे। गांव के कुछ लोगों ने इसकी शिकायत सीओ सोमेंद्र कुमार नेगी से की, जिस पर सीओ ने थानाध्यक्ष संतोष कुमार व्यास को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने सभी मतदाताओं को लाइन में लगवाकर उनके परिचय पत्र और आधारकार्ड देखे। उसी दौरान अराजकतत्व भाग खड़े हुए, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने काफी दूर कर खदेड़ दिया। इस केंद्र पर शाम पांच बजे तक 78.93 फीसदी वोटिंग हुई थी। वोटिंग के बाद मतपेटी सील कर कड़ी सुरक्षा में जिला मुख्यालय भेज दी गईं।