जीटी रोड हाईवे पर सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेज
रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार किसान को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत
हो गई। किसान खेत पर फसल देखने साइकिल से जा रहे थे। सूचना पर पहुंचे
ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। भाजपा नेत्री अर्चना पांडेय के
आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
इस मामले में डीसीएम चालक के
खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ग्राम सरायसुंदर निवासी किसान विनीत
दुबे (46) पुत्र रामनरेश दुबे सुबह साढ़े पांच बजे साइकिल से सड़क के पार
स्थित खेतों पर फसल देखने जा रहे थे। जब वह गांव से कुछ दूर हाईवे पर
पहुंचे तभी डीसीएम ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही
मौत हो गई।
दुर्घटना होते ही चालक डीसीएम को भगा ले गया। उधर, कुछ देर बाद
सुबह दौड़ लगाने निकले लोगों की नजर जब किसान पर पड़ी तो उन लोगों ने
हादसे की सूचना गांव जाकर उनके परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिजन मौके
पर पहुंचे। इस बीच जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ भी घटनास्थल पर जुट
गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया।
सूचना मिलते ही कोतवाल सीएल वर्मा, एसएसआई
नवीन कुमार, सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज जगन्नाथ सिंह मौके पर पहुंचे। पहले
तो पुलिस अफसरों ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, जब नहीं माने
तब बड़े अफसरों को सूचना दी गई। इस बीच भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
अर्चना पांडेय भी मौके पर पहुंच गईं।
सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे
एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित व सीओ वीपी सिंह सोलंकी ने किसान के परिजनों और
भाजपा नेत्री से वार्ता की। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि किसान के आश्रितों
को हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बाद में अर्चना पांडेय के
आश्वासन पर ग्रामीण मान गए, तब करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।
जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग
गईं। घटना के बाबत डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद किसान की पत्नी रेखा देवी, पुत्रियां अंशू व नेहा, पुत्र आकाश समेत उसके अन्य परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।