सौरिख (कन्नौज)। चालक को झपकी लग जाने से डीसीएम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। इस हादसे में डीसीएम चालक और क्लीनर घायल हो गए। दोनों को राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा ले जा रहे थे। रास्ते में चालक की मौत हो गई। क्लीनर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
इटावा जिले के थाना फ्रेंड्स कालोनी के ग्राम कुनेरा निवासी सौरभ सिंह (22) डीसीएम में महाराष्ट्र से केला लादकर लखनऊ जा रहा था। साथ में कानपुर देहात निवासी क्लीनर हरदास (24) भी था। एक्सप्रेसवे पर शनिवार की रात लगभग 1.30 बजे सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम नगला वीरभान के सामने चालक को झपकी आ गई।
इससे तेज रफ्तार डीसीएम सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। हादसे में चालक और क्लीनर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा व पेट्रोलिंग टीम के कर्मचारियों ने डीसीएम में फंसे घायलों को निकलवाकर तिर्वा मेडिकल कालेज भेजा। रास्ते में चालक सौरभ की मौत हो गई। बाद में क्षतिग्रस्त डीसीएम को एक्सप्रेसवे से हटाकर टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया।
बिहार के जिला समस्तीपुर थाना मोहद्दीनगर के ग्राम हासिमपुर निवासी बबलू राय ट्रक को आगरा एक्सप्रेसवे पर खड़ा कर खाना खा रहा था। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी उसे एक्सप्रेसवे से ट्रक हटाने की हिदायत देकर गश्त पर आगे निकल गए।
कुछ ही देर बाद में उधर से गुजर रही डीसीएम ट्रक से टकरा गई, जिसमें चालक सौरभ की मौत हो गई। ट्रक चालक की लापरवाही को देखते हुए पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई।