तिर्वा(कन्नौज)। ससुरालीजनों ने दहेज के लिए महिला को घर में बंधक बनाकर तीन दिन तक मारपीट की। इससे महिला की हालत बिगड़ गई। ससुरालीजन मेडिकल कालेज में भर्ती कराकर भाग गए। पड़ोसियों की सूचना पर मायके से परिजन पहुंच गए। मंगलवार को परिजनों ने सीओ से शिकायत की। सीओ ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मामला थाना छिबरामऊ के सिकंदरपुर गांव का है। पिता शिवमोहन सिंह ने बताया कि बेटी कुसुमा की शादी ठठिया थाने के मक्कापुर्वा गांव निवासी जय सिंह से नौ साल पहले की थी। शादी के बाद से ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि बेटी को तीन दिन तक कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की। खाने-पीने के लिए कुछ नहीं दिया।
मंगलवार को बेटी की हालत गंभीर होने पर ससुरालीजनों ने एंबुलेंस से मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया। भर्ती कराने के बाद सभी अस्पताल से भाग गए। मोहल्ले के लोगों से सूचना मिली है। बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। पिता शिव मोहन ने सीओ कार्यालय पहुंचकर बेटी के उत्पीड़न की शिकायत की। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि पीड़ित को थाने भेजा है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।