आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में लिपिक से नोकझोंक करते ग्राहक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बैंक कर्मचारियों की लापरवाही से ग्राहकों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आए भुगतान न होने पर बैंकों में हंगामा हो रहा है। नगर की आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा में भुगतान न होने पर ग्राहकों की बैंककर्मियों से नोकझोंक हुई, तो स्टेट बैंक में सर्वर न होने की बात कहकर कर्मचारी मोबाइल पर गेम खेलने में व्यस्त रहे।
शनिवार को नगर के फर्रुखाबाद चौराहा स्थित आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा पर ग्राहकों की सुबह से ही भारी भीड़ लग गई थी। दोपहर तक जब भुगतान नहीं मिला, तो ग्राहकों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। शाखा प्रबंधक बीडी पांडेय ने किसी तरह ग्राहकों को समझाकर शांत किया। इस दौरान दूर-दूर से आए लोगों की बैंक के लिपिक से नोकझोंक भी हुई।
मोहल्ला चौधरियान निवासी सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि वह तीन दिन से भुगतान के लिए भटक रहे हैं। इसी तरह ग्राम अंतपुर निवासी विपिन कुमार, कल्यानपुर की दिलवरी बेगम, इब्राहीमगंज पड़ाव के आयुष कुमार, सुल्तानपुर के अमित कुमार, अहिरूआ राजारामपुर के महेश यादव, हाथिन के अजय कुमार गुप्ता व सुल्तानपुर कसावा की अन्नपूर्णा देवी सहित कई ग्राहकों ने बताया कि पिछले दिन तीन से भुगतान नहीं दिया जा रहा है। इस समय सहालग होने की वजह से पैसों की आवश्यकता है।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक बीडी पांडेय ने बताया कि बैंक में कर्मचारियों की कमी है। फिर भी सभी को भुगतान दिलाने का प्रयास किया जाता है। लोग जल्दबाजी को लेकर हंगामा काटते हैं। इसी तरह रोडवेज बस स्टैंड के पास भारतीय स्टेट बैंक में भी कमोवेश यही हाल रहा। यहां सर्वर न होने की बात कहकर ग्राहकों को वापस कर दिया गया और कर्मचारी मोबाइल पर गेम खेलने में व्यस्त रहे।