क्षेत्र के ग्राम नगला सधू, खबरिया और महुआ नगला में
देर रात हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया, जिससे इन गांवों में हड़कंप मच
गया। घरेलू बिजली उपकरण फुंक गए। वहीं करंट लगने से तीन लोग झुलस गए। हादसे
के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है।
मिली
जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात ग्राम नगला सधू से बिजली विभाग के
लाइनमैन द्वारा ग्राम खबरिया और महुआ नगला की लाइन रविवार की दोपहर काट दी
गई थी, पर काफी देर इंतजार के बाद लाइट नहीं आने से ग्रामीणों ने इसकी
जानकारी की तो उन्हें पता कि उनके गांवों की लाइन काट दी गई है।
इससे
गुस्साए ग्रामीणों ने ग्राम नगला सधू पहुंचकर किसी तरह जुगाड़ कर काटी गई
लाइन जोड़ ली। अचानक देर रात लाइट आने पर तीनों गांवों में हाइटेंशन लाइन
का करंट दौड़ गया, जिससे इन गांवों में हड़कंप मच गया। कई ग्रामीणों के
घरेलू बिजली उपकरण फुंक गए।
वहीं हाईटेंशन करंट की चपेट में आ जाने से
ग्राम सधू नगला निवासी अनूप का बेटा मधुर (14), प्रमोद और महेश झुलस हो गए। वहीं
प्रमोद और महेश की सबमर्सिबल मोटर सहित घरों कई उपकरण भी फुंक गए।
ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है।
उधर, इस संबंध में
बिजली विभाग के अवर अभियंता अवनीश कुमार ने बताया एचटी लाइन के जंफर जल गए
थे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देने की बजाय स्वयं ही अपने स्तर से
लग्गी से तार जोड़ने का प्रयास किया। जिससे हादसा हुआ है।
जेई का कहना है
ज्यादातर गांव में ग्रामीण समस्या को लेकर बिजली विभाग के लाइनमैन या
अधिकारी को सूचना न देकर स्वयं ही अपने हाथों से मरम्मत शुरू कर देते हैं।
जिससे हादसे की चपेट में आ जाते हैं। ग्रामीणों की लापरवाही से ही इस तरह
के हादसे हो रहे हैं।