खड़िनी (कन्नौज)। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से गंभीर रूप से झुलसे किसान ने लखनऊ ट्रामा सेंटर में पांचवें दिन शनिवार की शाम दम तोड़ दिया। उसका शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उधर, बिजली विभाग ने रविवार को नई लाइन बिछाने का काम भी शुरू कर दिया।
गांव गढ़िया पाह से निकली राजपुर फीडर की हाईटेंशन लाइन का तार 23 जुलाई को टूटकर खेतों में धान की रोपाई कर रहे श्यामसुंदर पुत्र गयाप्रसाद के ऊपर गिर गया था। गंभीर रूप से झुलसने पर उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार की शाम उसकी मौत हो गई। उसका शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह पीड़ित किसान के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। सरकारी सहायता के संबंध में उन्होंने लेखपाल अवध नारायण पांडेय से जानकारी ली। जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि किसान श्याम सुंदर की पत्नी पुष्पा के खाते में एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेजी जा चुकी है। चार लाख की धनराशि शीघ्र ही बिजली विभाग से उसे दिलाई जाएगी, इसके अलावा 40 हजार रुपये पारिवारिक लाभ योजना से दिलाया जाएगा। वहीं, किसान के साथ हुई दुर्घटना के बाद चेते बिजली विभाग ने रविवार को जर्जर लाइनों को हटाकर नई लाइनें बिछाने का कार्य शुरू करा दिया है।