जीटी रोड हाईवे से मोहल्ला सुभाषनगर जाने वाले मार्ग
की हालत बद से बदतर है। कच्चा मार्ग होने से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। ऐसे
में राहगीरों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
वहीं
गंदगी के चलते वहां के बाशिंदों का जीना दुश्वार है। ऐसे में मोहल्ले के
लोगों ने इस मार्ग को बनवाने की मांग की है। हाईवे से पश्चिमी बाईपास के
पास बंबा के किनारे-किनारे मोहल्ला सुभाषनगर की बस्ती के अंदर जाने का
रास्ता है। हाईवे से बस्ती तक गया यह मार्ग कच्चा होने से लोगों के लिए
दुश्वारियों भरा बना हुआ है।
इस मार्ग पर वाहन चलना तो दूर लोगों को पैदल
निकलने में ही काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मुन्ना, बृजेश शाक्य,
गौरव दुबे, अखिलेश यादव, रामसुमिरन, सर्वेश आदि का कहना है कि पिछले दिनों
बंबा में पानी उफना गया था, जिससे उसका पानी इस कच्चे मार्ग में भर गया
था।
इससे लोगों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके
साथ ही बंबा की सफाई कर उससे निकाली गई गंदगी भी मार्ग पर डाल दी गई, जिससे
वहां गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है। गंदगी के चलते वहां के लोगों की
जीना दुश्वार हो गया है। ऐसे में वहां संक्रामक रोग फैलने का भी अंदेशा बना
हुआ है। मोहल्ले के लोगों ने मार्ग को शीघ्र बनवाने की मांग करते हुए कहा
कि यदि कच्चे मार्ग को नहीं बनवाया गया तो वह लोग प्रदर्शन करने के लिए
बाध्य होंगे।