सौ शय्या अस्पताल में ब्लड टेस्ट के लिए पैथोलॉजी के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। डेंगू रोगियों के ब्लड टेस्ट के लिए जिला अस्पताल से डेंगू की किट आने की जानकारी पर अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। 85 रोगियों ने एनएस वन वायरस की जांच कराई। 12 रोगियों में डेंगू के लक्षण मिले हैं।
शुक्रवार को सौ शय्या अस्पताल में रोगियों की भीड़ उमड़ी। कई मरीजों ने खुद को डेंगू के लक्षण होने की जानकारी दी। 85 रोगियों का चिकित्सकों ने एंटीजन ब्लड टेस्ट(एनएस वन) कराया। 12 रोगियों की स्क्रीनिंग में डेंगू के लक्षण मिले हैं। इनका उपचार शुरू किया गया है। अस्पताल में ब्लड टेस्ट लैब के बाहर रोगियों की भीड़ रही। डेंगू वार्ड का सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह केवल डेंगू की स्क्रीनिंग है। इसकी पुष्टि एलाइजा टेस्ट से ही हो सकती है। यह जांच राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में मौजूद है। मरीज को डेंगू के लक्षण लगने पर तिर्वा के लिए रेफर कर दिया जाता है।
कहीं भी पानी जमा न होने दें
सौ शय्या अस्पताल के चिकित्सक डॉ. डीएस मिश्रा बताते हैं कि डेंगू से बचने के दो उपाय हैं। एडीज मच्छरों को पैदा होने से रोकना और एडीज मच्छरों के काटने से बचाव करना। यह मच्छर ठहरे हुए पानी में पाया जाता है। कहीं भी पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव करें। किसी भी तरह का बुखार होेने पर तत्काल चिकित्सक के पास जाएं।